महिदपुर। महिदपुर नगर में रामगंज मंडी निवासी मुमुक्षु संयम मेहता की वषीर्दान सह अभिनंदन यात्रा अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ कोचर परिवार के निवास स्थान से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। मार्ग में जगह-जगह समाजजनों , स्वजनों एवं कल्याण मित्रों द्वारा मुमुक्षु का भावपूर्ण अभिनंदन किया गया तथा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
यह वर्षीदान यात्रा श्री शांतिनाथ आराधना भवन पहुंचकर भव्य धर्मसभा में परिवर्तित हुई, जहां प.पू. साध्वीवर्या चरित्ररसा श्रीजी म.सा. आदि ठाणा 2 एवं प.पू.सा जिनकीर्ती श्रीजी म.सा. आदि ठाणा 2 के पावन एवं मंगलकारी सानिध्य में आयोजित हुई। धर्मसभा में सर्वप्रथम आदिनाथ बहु मंडल द्वारा मुमुक्षु की शानदार अगवानी की गई। तत्पश्चात सिद्धचक्र महिला मंडल एवं सिद्धचक्र बहु मंडल द्वारा स्वागत गीत की सुंदर प्रस्तुति दी गई। जिससे सभा का माहौल धर्ममय हो गया इसके बाद प्रवचन के दौरान साध्वीवर्या ने संयम जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मुमुक्षु संयम मेहता को आगामी संयम जीवन हेतु शुभकामनाएं एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। सभा में बाबूलाल आंचलिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मुमुक्षु संयम मेहता ने अपने उद्बोधन में श्रीसंघ को आगामी 6 मई को रामगंज मंडी में आयोजित दीक्षा समारोह में पधारने का आमंत्रण दिया। श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक श्रीसंघ की ओर से अध्यक्ष संजीव सोनी, राजमल पोखरना, ज्ञानचंद कोचर, योगेंद्र नास्कावाला, मनोज लुंकड़ एवं अशोक नवलखा द्वारा मुमुक्षु को अभिनंदन पत्र भेंट कर बहुमान किया गया। अभिनंदन पत्र का वाचन लोकेश सोनगरा द्वारा किया गया। इसके पश्चात खरतरगच्छ श्रीसंघ की ओर से श्रीपाल चोपड़ा, नरेंद्र नाहर एवं कैलाश राखेचा ने भी मुमुक्षु का बहुमान किया। साथ ही सिद्धचक्र महिला मंडल, सिद्धचक्र बहु मंडल, आदिनाथ बहु मंडल एवं आत्मानंद जैन पाठशाला द्वारा भी बहुमान किया गया। इस वषीर्दान यात्रा में वर्धमान स्थानकवासी श्रावक संघ, त्रिस्तुतिक श्रीसंघ एवं जैन सोशल ग्रुप सहित विभिन्न संस्थाओं ने सहभागिता कर मुमुक्षु का अभिनंदन किया आज इस यात्रा में उज्जैन, रतलाम, सैलाना, रामगंज मंडी, नलखेड़ा, इंदौर, भानपुरा, झाड़ा एवं महिदपुर रोड सहित विभिन्न स्थानों से श्रीसंघ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन लोकेश सोनगरा द्वारा किया गया तथा अंत में आभार विशाल कोचर द्वारा व्यक्त किया गया।
महिदपुर में मुमुक्षु संयम मेहता की भव्य वर्षीदान अभिनंदन यात्रा सम्पन्न