फर्नीचर गोदाम में आग से लाखों का नुकसान दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

जीरापुर। माचलपुर रोड स्थित कॉन्वेंट स्कूल के पास, नगर परिषद अध्यक्ष के मकान के पीछे कॉलोनी में बने एक फर्नीचर गोदाम में शाम करीब 5 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि लपटें लगभग 8 से 10 मीटर ऊंचाई तक उठती रहीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जीरापुर, माचलपुर व छापीहेड़ा से प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही विभिन्न स्थानों माचलपुर खिलचीपुर व जीरापुर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि, नगर परिषद जीरापुर की फायर ब्रिगेड के देर से मौके पर पहुंचने और तकनीकी खराबी के कारण प्रारंभिक समय में पानी का प्रेशर चालू नहीं हो पाने से स्थानीय लोग काफी नाराज नजर आए। काफी प्रयासों के बाद ही फायर ब्रिगेड पूरी क्षमता से काम कर सकी, जो एक गंभीर लापरवाही का विषय माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोदाम राहुल विश्वकर्मा (भंडावत) का है, जो फर्नीचर व्यवसाय से जुड़े हैं। गोदाम में सोफा सेट, डबल बेड, सिंगल बेड, टेबल सहित शादी-विवाह में दिए जाने वाले दहेज के विभिन्न फर्नीचर का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था। यह गोदाम मुख्य मार्ग के पीछे एक खाली प्लॉट पर अस्थाई रूप से लोहे के टिन शेड के रूप में बनाया गया था।
आग की भयावहता को देखते हुए जेसीबी मशीन की मदद से टिन शेड के ढांचे को हटाया गया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोदाम में लाखों रुपये का फर्नीचर रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आ गया। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन गोदाम मालिक द्वारा ही स्पष्ट किया जा सकेगा।
घटना के दौरान गोदाम मालिक एवं उनके परिजनों की स्थिति को देखते हुए उनके परिचितों द्वारा उन्हें मौके से दूर ले जाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है।
मौके पर एसडीएम खिलचीपुर, एस डीओ पी खिलचीपुर डी वी एस नागर, माचलपुर पुलिस अधिकारी, नगर अध्यक्ष पतिनिधि पवन कुशवाहा, जीरापुर पुलिस कर्मचारी नगर परिषद जीरापुर कर्मचारी व जेसीबी ड्राइवरों नगर के सेवाभावी नगर वासियों ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाने मैं अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment