मंदसौर एसपी सख्त, मादक पदार्थ गतिविधियों में लापरवाही पर कडी कार्रवाई कचनारा चौकी प्रभारी, एएसआई सहित 3 निलंबित, एक को लाइन भेजा

 

उज्जैन/ मन्दसौर । जिला पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा ने शनिवार को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए कचनारा चौकी प्रभारी, एएसआई सहित 3 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वही 1 एसएसआई को लाइन हाजिर लर दिया। यह कार्रवाई चौकी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थ तस्करी पर नियंत्रण नहीं करने को लेकर की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 मई 2026 को सोशल मीडिया एवं अन्य सूत्रों से सूचना मिली थी कि थाना दलौदा की कचनारा चौकी अंतर्गत ग्राम कचनारा- लसुड़ियाईला क्षेत्र में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम द्वारा भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग जब्त कर बड़ी कार्रवाई की गई। इसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विनोद कुमार मीना ने संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाए। एसपी द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि पूर्व में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी आसूचना संकलन कर अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कचनारा चौकी प्रभारी एवं अधीनस्थों ने इन निर्देशों को गंभीरता से नहीं लिया। बाहरी एजेंसी द्वारा इतनी बड़ी कार्रवाई होना चौकी स्टाफ की संदिग्ध कार्यप्रणाली और निम्न व्यावसायिक दक्षता को दर्शाता है। इसी आधार पर चौकी प्रभारी उनि पूर्णिमा सिरोहिया, कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक यूसुफ मंसूरी, तथा आरक्षक अर्जुन सिंह को गंभीर लापरवाही, संदिग्ध आचरण एवं अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र मंदसौर संबद्ध किया गया है। वही एसएसआई सीताराम शर्मा को लाइन भेजा गया है। निलंबन अवधि के दौरान तीनों पुलिसकर्मियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा तथा बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध रहेगा। एसपी विनोद कुमार मीना ने मामले की जांच के निर्देश देते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मंदसौर (ग्रामीण) को पांच दिवस में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश भी दिए हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment