*भारत-वेस्टइंडीज T20 से पहले सोशल मीडिया पर फर्जी टिकट ऑफर की भरमार

इंदौर। होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज T20 मुकाबले का खुमार क्रिकेट प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है। टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए अब साइबर ठग भी मैदान में उतर आए हैं। सोशल मीडिया पर सस्ते टिकट, VIP पास और आखिरी समय में अतिरिक्त टिकट उपलब्ध होने के नाम पर लोगों को फंसाने की तैयारी की जा रही है।    ठग Facebook, Instagram, WhatsApp और Telegram पर फर्जी टिकटों की तस्वीरें, स्क्रीनशॉट और नकली बुकिंग रसीद भेजकर पहले भरोसा जीत सकते हैं। इसके बाद 20 से 25 प्रतिशत एडवांस या पूरी रकम UPI नंबर और QR Code के जरिए जमा कराने का झांसा दिया जा सकता है। पैसा खाते में पहुंचते ही टिकट तो दूर, ठग दोबारा पेमेंट के नाम पर और रकम मांग सकते हैं।
         पुलिस ने साफ किया है कि अनजान व्यक्ति से सोशल मीडिया के जरिए टिकट खरीदने से बचें। सस्ते टिकट या VIP पास के लालच में किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। साथ ही OTP, UPI PIN, CVV, बैंक संबंधी जानकारी साझा करने और किसी को मोबाइल की स्क्रीन शेयर करने की गलती बिल्कुल न करें।
          इंदौर पुलिस ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि टिकट केवल अधिकृत माध्यम से ही खरीदें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना दें और National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज कराएं।
        मैच का रोमांच अपनी जगह, लेकिन फर्जी टिकट के चक्कर में कहीं जेब न हो जाए आउट!
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment