इंदौर। बाणगंगा क्षेत्र में मकान हड़पने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। फरियादी परिवार का आरोप है कि ब्याज-बट्टे पर दिए गए पैसों का हिसाब-किताब कुछ और था, लेकिन कथित तौर पर उसी रकम को मकान की कीमत बताकर रजिस्ट्री अपने नाम करा ली गई। इतना ही नहीं, आरोप है कि मकान अपने नाम कराने के बाद उसी संपत्ति पर 24 लाख रुपए का होम लोन भी ले लिया गया। अब मकान मालिक परिवार पुलिस के चक्कर काट रहा है और कार्रवाई की आस में डर-डर भटक रहा है।
मामला 85 गंगाधाम कॉलोनी का है। यहां रहने वाले रामस्नेही मौर्य और उनकी पत्नी सपना मौर्य ने पुलिस कमिश्नर और बाणगंगा थाना पुलिस को शिकायत देकर मनोज शर्मा पिता राजवीर शर्मा निवासी लेक पैलेस कॉलोनी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
*ब्याज पर दिया पैसा, फिर मकान पर नजर!- शिकायत के मुताबिक मनोज शर्मा ब्याज पर रुपए चलाने का काम करता है। फरियादियों के परिवार की महिला उषा हार्डिया का मनोज से ब्याज पर रुपए का लेन-देन था। शिकायत में बताया गया है कि मनोज ने उषा हार्डिया को करीब 9.57 लाख रुपए ऑनलाइन दिए थे, जिन्हें उषा ने ब्याज सहित करीब 11.15 लाख रुपए ऑनलाइन वापस कर दिए। इसी तरह परिवार के प्रथम मौर्य द्वारा लिए गए करीब 2.99 लाख रुपए भी ऑनलाइन और नकद माध्यम से चुकाने की बात शिकायत में कही गई है।
फरियादियों का कहना है कि न तो सपना मौर्य और न ही उनके पति रामस्नेही मौर्य ने मनोज से ब्याज पर पैसा लिया था। बावजूद इसके आरोप है कि इसी पुराने लेन-देन की रकम को बाद में मकान से जोड़ दिया गया।