इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र का 27 वर्षीय गणेश बुखार 5 सितंबर को दोस्तों के साथ बस से ओडिशा ट्रिप पर गया था। 14 सितंबर तक उसे इंदौर लौटना था, लेकिन वह वापस नहीं आया।एक महीने बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा है। परिजनों का आरोप है कि दोस्तों ने विवाद के बाद 8 सितंबर को गणेश को नागपुर जाने वाली ट्रेन में बैठाने की बात कही थी, लेकिन रेलवे स्टेशन के CCTV में वह ट्रेन में चढ़ता नहीं दिखा। बुधवार को परिजन पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह से मिलने पहुंचे।
विवाद के बाद ट्रेन में बैठाने का दावा-गणेश की मां लालूबाई ने 13 सितंबर को लसूड़िया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, गणेश के साथ गए दोस्त भूपेंद्र और अन्य साथियों ने बताया कि 7 सितंबर की रात गणेश ने शराब पीकर विवाद किया था।