पुलिस की गाड़ी से कूदकर भागा डबल मर्डर का आरोपी -ब्रिज से गिरने पर हुआ घायल, नागपुर से किया था गिरफ्तार

उज्जैन। डबल मर्डर का आरोपी 110 दिन बाद नागपुर से पुलिस की हिरासत में आ गया। उसे उज्जैन लाया जा रहा था लेकिन पुलिस की गाड़ी से कूदकर भाग निकला। उसे पकड़ने के लिये दौड़ी पुलिस टीम को देख आरोपी ब्रिज से कूद गया।
नीलगंगा चौराहा पर 110 दिन पहले 18 जुलाई की रात पासी गैंग के बदमाशों ने लोकेश गोरकर और उसके सगे भाई जय गोरकर की जघन्य हत्या कर दी थी। दोनों भाईयों को बचाने में चाचा दिलीप गोरकर और उनका पुत्र तपन गंभीर घायल हो गया था। नीलगंगा पुलिस ने मामले में डबल मर्डर का प्रकरण दर्ज किया था। 18 आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई थी। पांच आरोपी फरार चल रहे थे। जिनकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था। शनिवार को खबर मिली कि डबल मर्डर का एक आरोपी नागपुर में छुपा हुआ है। थाना प्रभारी तरूण कुरील की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिये पहुंची थी। जहां से आरोपी रोहित बौरासी निवासी जबरन कालोनी को हिरासत में लेकर उज्जैन लौट रही थी। नागझिरी गरोठ बायपास  ब्रिज क्षेत्र में पुलिस की गाड़ी अचानक खराब हो गई। इस दौरान आरोपी गाड़ी से कूद गया और भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिये पीछा। आरोपी ने ब्रिज से कूदकर भागने का प्रयास किया लेकिन गिरने पर घायल हो गया। उसे टीम ने दबोचा और उपचार के लिये चरक अस्पताल लेकर पहुंची। नीलगंगा टीआई तरूण कुरील ने बताया कि अब तक डबल मर्डर मामले में रोहित बौरासी सहित 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब भी 4 आरोपी फरार है, जिनकी तलाश जारी है। फरार आरोपियों पर इनाम भी घोषित है। रोहित भी इनामी आरोपी था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment