मंदसौर। जिले के गरोठ थाना पुलिस ने पिकअप वाहन में चालाकी से स्कीम बनाकर परिवहन किए जा रहे 220 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचुरा को जब्त किया है।प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग के पिकअप वाहन के डाले में प्लास्टिक की खाली केरेट रखकर उनके नीचे कट्टों में अवैध डोडाचुरा भरकर पिपल्या जत्ती की तरफ से गरोठ होते हुए 8-लेन की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर वाहन को पकड़ा और वाहन की सघन तलाशी ली। केरेट के नीचे छिपाकर रखे गए 11 काले प्लास्टिक के कट्टों से कुल 220 किलोग्राम अवैध डोडाचुरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 40 हजार रुपये है।पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मारुति पिकअप वाहन, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 40 खाली केरेट भी जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों आरोपी सुरेन्द्रसिंह निवासी रोहड़, पंजाब और रामशरन निवासी मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया है। थाना गरोठ में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों से डोडाचुरा के स्रोत के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पिकअप में कैरेट के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 220 किलोग्राम डोडाचुरा जब्त, 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार