इंदौर। महिला पार्षद संध्या यादव पर टिप्पणी मामले में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बैकफुट पर आ गए हैं। मंगलवार को उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर खेद प्रकट किया है। साथ ही कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस ने बयान को गलत तरीके से पेश किया है।
विजयवर्गीय ने रविवार को विधानसभा क्रमांक-एक के वार्ड-6 में 7 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में पार्षद संध्या पर टिप्पणी की थी। उन्होंने पार्षद के काम की तारीफ करते हुए कहा था ‘संध्या दीदी की भी जरा चौड़ाई बढ़ गई…थोड़ी सी।’ इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
अलग-अलग बयान जारी किए-विवाद बढ़ने के बाद मंत्री विजयवर्गीय और पार्षद संध्या यादव ने अलग-अलग बयान जारी किए। विजयवर्गीय ने अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए कांग्रेस पर बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। वहीं संध्या यादव ने विजयवर्गीय को पिता तुल्य बताते हुए कहा कि दोनों के बीच पिता-पुत्री जैसा रिश्ता है।