इंदौर।इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में महिला का जेवरों और नकदी से भरा पर्स चुराने वाला ऑटो चालक 12 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा। आरोपी ने मदद के बहाने महिला की बेटी का बैग अपने पास रखवाया और उसमें से जेवरों से भरा छोटा पर्स चुरा लिया था।ऑटो का नंबर नहीं होने से पुलिस को उसकी तलाश में परेशानी हो रही थी। इस बीच पीड़िता ने ऑटो के पीछे लगी स्टाइलिश स्टेपनी की जानकारी दी। यही पहचान पुलिस के लिए बड़ा सुराग बनी और आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। आरोपी पहले भी इसी तरह की दो वारदात कर चुका है।टीआई मनीष लोधा ने बताया कि ममता राठौर निवासी व्यास किराना के सामने ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी संध्या देवास में जनरल स्टोर चलाती है। 21 अक्टूबर की शाम वे बेटी के साथ देवगुराड़िया जा रही थीं। पिपल्याहाना के पास उन्होंने एक ऑटो रोका। चालक ने कहा कि उसकी ऑनलाइन बुकिंग है और दूसरी सवारी आने वाली है। साथ चलना है तो आगे बैठना पड़ेगा।
पर्स चुराने वाला ऑटो चालक 12 दिन बाद पकड़ाया:स्टाइलिश स्टेपनी बनी बड़ा सुराग