उज्जैन। दूसरे पति के साथ गांव लौटी महिला को पहले पति के परिवार ने पकड़ लिया। उसके बाल काटे गये, कपड़े फाड़े गये और जूतों की माला पहनाई गई। महिला को उसके दूसरे पति के साथ गांव में घूमाया गया। महिला-पुरूष का जुलूस निकालने की खबर मिलते ही पुलिस पहुंची। 3 को हिरासत में लिया गया। 8 की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मामला झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम हरनिया वेना से सामने आया है। थाना प्रभारी आनंद भाबोर ने बताया कि थाना भवन से 20 किलोमीटर दूर गांव से एक व्यक्ति द्वारा कॉल किया गया और बताया कि गांव में रहने वाली महिला और युवक का कुछ लोगों द्वारा जुलूस निकाला जा रहा है। महिला के बाल काट दिये गये है, उसके कपड़े भी फाड़े है। युवक को भी इसी तरह से महिला के साथ जूतों की माला पहनाई गई है। मामला संवेदनशील होने पर तत्काल पुलिस हरनिया वेना गांव पहुंची। पुलिस को देख कुछ लोग भाग निकले। मौके से 3 को पकड़ा गया, जिसमें सुमेरसिंह, बद्रीलाल और कचरू है। तीनों को हिरासत में लिया गया और थाने लाया गया। महिला और युवक को भी पुलिस साथ लेकर आई। पूछताछ और जांच करने पर सामने आया कि घटना में महिला के पूर्व पति का परिवार और गांव के लोग शामिल है। थाना प्रभारी के अनुसार 11 लोगों के खिलाफ मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है। गांव से भागे लोगों की तलाश में एक टीम दबिश देकर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
महिला ने 3 साल पहले छोड़ा पति को
बताया जा रहा है कि 30 वर्षीय महिला का गांव के युवक से विवाह हुआ था। 3 साल पहले वह पति को छोड़ गांव में रहने वाले दूसरे युवक के साथ चली गई थी और विवाह कर लिया था। उसके बाद से दोनों लगातार गांव से दूर रह रहे थे। 3 साल बाद मंगलवार को दोनों गांव लौटते थे। इस बात की जानकारी महिला के पहले पति के परिवार को मिल गई। पूर्व ससुर ने गांव वालों को एकत्रित किया और दोनों को पकड़ लिया।
कुछ लोगों से जप्त किये मोबाइल
महिला और युवक का जूतों की माला पहनाकर जुलूस निकालने का मामला सामने आने पर पुलिस हरिनया वेना गांव पहुंची थी। सबसे पहले मामला शांत कराया गया। उसके बाद पता चला कि महिला और युवक के जुलूस का कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल से वीडियो बनाया है। पुलिस ने उनकी पहचान की उनसे मोबाइल जप्त किये और वीडियो डिजीट किये। थाना प्रभारी भाबोर के अनुसार वीडियो वायरल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
इनका कहना
महिला और युवक का जूतों की माला पहनाकर जुलूस निकालने का मामला सामने आने के बाद पुलिस पहुंची थी। 3 लोगों को हिरासत में लिया गया। 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले से जुड़े फरार लोगों की तलाश जारी है।
करणदीप सिंह, एएसपी ग्रामीण
पति को छोड़ महिला ने किया था दूसरा विवाह, 3 हिरासत में बाल काटे, जूतों की पहनाई माला और निकाला जुलूस