देवास-बदनावर बायपास पर हादसा, बाइक सवार की मौत

उज्जैन। देवास-बदनावर बायपास पर गुरूवार शाम हादसा हो गया। बाइक सवार की मौत हो गई। उसके पास मिले मोबाइल और दस्तावेजों से पहचान ग्राम खवासा पेटलावद झाबुआ के रूप में हुई है। परिजनों के आने पर शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जायेगा।
नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के देवास-बदनावर बायपास मार्ग पर बाइक सवार की ट्रेक्टर-ट्राली से टकराकर गंभीर घायल होने की खबर 108 एम्बुलेंस को मिली तो पायलेट महेश अहिरवार और ईएमटी मुकेश वाघेला मौके पर पहुंचे। बाइक सवार की मौत हो चुकी थी। जिसे चरक अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम कक्ष भेजा गया। एम्बुलेंस पायलेट ने बताया कि मृतक के पास मिले मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर सामने आया कि झाबुआ के पेटलावद स्थित ग्राम खवासा का रहने वाला संजय पिता विजय व्यास 45 साल है। अस्पताल स्टॉफ की ओर से नानाखेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। बताया जा रहा है कि परिजनों के आने पर मृतक के संबंध में जानकारी सामने आ पायेगी कि वह उज्जैन बायपास मार्ग से कहां जा रहा था।
बड़नगर हाइवे पर भी हुई दुर्घटना
इंगोरिया थाना क्षेत्र के बड़नगर हाइवे शैल पब्लिक स्कूल के सामने भी दुर्घटना होना सामने आया। बाइक सवार परिवार को अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में प्रेमबाई की मौत हो गई। वहीं राहुल, हिमांशु घायल हो गये। इंगोरिया पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मृतक प्रेमबाई का गुरूवार को पोस्टमार्टम कराया।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment