मंदसौर। छात्राओं से कथित अनुचित व्यवहार एवं यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के विरोध में मंगलवार को मंदसौर में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा जिला भाजपा कार्यालय से भारतमाता चौराहे तक विरोध मार्च निकाला गया। भारतमाता चौराहे पर पहुंचकर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा ही किसी सभ्य समाज की वास्तविक पहचान है। महिलाओं और छात्राओं से जुड़े गंभीर मामलों को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और अपराध साबित होने पर कानून के अनुसार कठोरतम दंड दिया जाना चाहिए। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रियंका गोस्वामी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक वातावरण निर्मित करने और उनकी आवाज को बुलंद करने के लिए निरंतर सक्रिय रहें। प्रदर्शन में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार, भाजपा जिला महामंत्री विजय सुराना, अनिल कियावत, विनय दुबेला, रानु भावसार सहित पार्टी पदाधिकारी एवं महिला मोर्चा की कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
छात्राओं से कथित अनुचित व्यवहार के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल गांधी का पुतला फूंका