उज्जैन। आजादी के पर्व स्वतंत्रता दिवस पर इस बार केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ की सलाखों से 9 बंदियों को रिहा किया जायेगा। जेल मुख्यालय से रिहाई का आदेश आ चुका है। शनिवार को ध्वजारोहण के बाद उन्हे अपराध मुक्त नई जिंदगी की शुरूआत करने के लिये छोड़ दिया जायेगा।
प्रदेश में राष्ट्रीय पर्वो पर जेलों में आजीवन कारावास की सजा काटने वाले बंदियों को उनके अच्छे आचरण पर समय से पहले रिहाई देने का प्रावधान तय किया गया है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर इस बार प्रदेश की जेलों से 530 बंदियों को रिहा किया जायेगा। उज्जैन केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ से 9 बंदियों को रिहाई मिलेगी। जेल अधीक्षक मनोज साहू ने बताया कि रिहा होने वाले बंदियों में इंदर/कमल पिता रामचंद्र लालपुर थाना नरवर जिला उज्जैन, ईश्वर पिता मांगीलाल देवगुराडिया टोकखुर्द देवास, बालू पिता गुलाब खेजडाखेड़ी सोमतकला आगर-मालवा, संजय पिता सुंदरलाल रूडजी गौतमपुरा इंदौर, देवीलाल पिता जेतराम कुशालपुरा मनासा नीमच, विनोद पिता भगवान भदाना रामपुरा नीमच, गणपत पिता श्रीकिशन मरेठी अहमदपुर सिहोर, संदीप पिता कुंज बिहारी शर्मा शिवनगर छोल्लामंदिर भोपाल और गोलू/गोल्डी पिता जोसफ बाणगंगा नाका इंदौर शामिल है। सभी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, लेकिन जेल में उनका आचरण अच्छा और नियमों का पालन करने पर उनकी रिहाई के लिये मुख्यालय को नाम भेजे गये थे। सभी के नामों पर मुख्यालय से रिहाई की सहमति प्राप्त हुई है। 15 अगस्त को जेल परिसर में स्वतंत्रता दिवस का पर्व ध्वजारोहण के साथ मनाया जायेगा। जेल में बंदियों द्वारा देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेगें। कार्यक्रम के बाद रिहाई पाने वालों को अपराध मुक्त नई जिंदगी की शुरूआत के लिये छोड़ दिया जायेगा। सभी के परिजनों को रिहाई से अवगत करा दिया गया है। 15 अगस्त की सुबह सभी के परिजन जेल परिसर पहुंचेगें।
केन्द्रीय जेल की सलाखों से 9 बंदियों को मिलेगी रिहाई