खरगोन। शहर के सबसे व्यस्त सनावद मार्ग पर मंगलवार तड़के दो दुकानों में भीषण आग लग गई। यह दुकानें टीनशेड में संचालित हो रही थी। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुकान से उठती आग की ऊंची लपटें देख, कुछ देर के लिए मार्ग पर आवाजाही भी बंद हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन दल को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग पर समय रहते पूरी तरह से नियंत्रण नहीं पाया जा सका, जिसके कारण दोनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
मुरली वाला केक एंड बेकरी संचालक भानुउदय सिंह ने बताया कि वह सोमवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर अवनि ग्राम स्थित घर चले गए थे। रात को दुकान की सभी लाईटें बंद कर दी थी। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे फोन पर सूचना मिली की दुकान से धुआं उठ रहा है। दुकान पहुंचने पर देखा तो दुकान से आग की लपटें उठ रही थी। भानुसिंह ने बतााय कि उनकी दुकान में रखें डी फ्रीज, केक फ्रीज सहित अन्य मशीनें एवं फर्नीचर जलकर खाक हो गया है। आगजनी से करीब 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।इसी तरह इसी दुकान से सटी कपड़ा दुकान में भी आगजनी से लाखों रुपए का कपड़ा जलकर खाक हो गया। दुकान लोकेश जैन द्वारा संचालित की जा रही है। जैन के मुताबिक दुकान में हैंडलुम और रेडिमेट कपड़े थे। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।