खरगोन। प्रसिद्ध कथावाचक कमल किशोर नागर और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला गर्माने लगा है। गुरुवार को संत को मिले धमकी भरे पत्र पर गौभक्तों एवं उनके अनुयायियों ने नाराजगी जताते हुए विरोध दर्ज कराया। बड़ी संख्या में गौभक्त मंडल ने एसडीएम कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। यहां पूर्व विधायक रवि जोशी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि यह धमकी भरा पत्र 4 सितंबर 2026 को जिला झाबुआ के भूराडाबरा स्थित श्री गुरुकृपा शबरी गौशाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित रात्रिकालीन सत्संग कार्यक्रम के दौरान सामने आया। श्रद्धालुओं द्वारा भेंट की गई सामग्री, शाल और श्रीफल आदि के साथ एक धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई है। पत्र की भाषा और विषयवस्तु को अत्यंत गंभीर बताते हुए गौ भक्त मंडल, निमाड़ क्षेत्र खरगोन ने इस मामले की तत्काल जांच और दोषी व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
मंडल ने ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि कमल किशोर नागर लंबे समय से धार्मिक और सामाजिक जन-जागरण तथा गौ.संरक्षण के कार्यों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को इस तरह का धमकी भरा पत्र मिलना सुरक्षा की दृष्टि से एक गंभीर और चिंताजनक विषय है। गौ भक्त मंडल ने शासन से आग्रह किया है कि धमकी पत्र की गहन जांच कर , दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही कमल किशोर नागर और उनके परिवार की आवश्यकतानुसार सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए।
कथावाचक कमल किशोर नागर को धमकी भरा पत्र, गौभक्तों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग