एसिड पीने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत, भाभी ने भी की थी खुदकुशी की कोशिश

शाजापुर। जिले के भरड़ क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार में मातम पसार दिया है। यहां एक ही घर में लगातार दो दिन आत्महत्या के प्रयास की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ जहां पारिवारिक कलह के चलते 17 साल की एक किशोरी ने एसिड पीकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली, वहीं घटना से ठीक पहले इसी परिवार की एक बहू (मृतका की भाभी) ने भी पुल से छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की थी। गनीमत रही कि पुलिस की तत्परता से बहू की जान बच गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर इस पूरे पारिवारिक घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भरड़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हिरपुर बज्जा निवासी चतरुलाल बागरी की 17 वर्षीय बेटी निशा बागरी ने शुक्रवार को परिवार में हुए किसी विवाद के बाद आवेश में आकर एसिड पी लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत शाजापुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे इंदौर ले जाने के बजाय शाजापुर के ही एक निजी अस्पताल में ले गए। दुर्भाग्यवश, शुक्रवार रात इलाज के दौरान निशा ने दम तोड़ दिया। शनिवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।डायल-112 की सूझबूझ से बची भाभी की जान-इस दुखद घटना के बीच शुक्रवार को ही इसी परिवार में एक और हैरान करने वाला वाकया सामने आया था। मृतका निशा की भाभी कोमल पति रवि शाजापुर बायपास स्थित गोपीपुर भरड़ पुलिया पर पहुंच गई थीं और आत्महत्या के इरादे से पुल की रेलिंग पार कर रही थीं। बताया जा रहा है कि कोमल मानसिक रूप से कुछ कमजोर हैं और बोलने में भी असमर्थ हैं। वहां से गुजर रहे प्रत्यक्षदर्शियों ने जब उन्हें यह खौफनाक कदम उठाते देखा, तो तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम मौके पर पहंुची थी और महिला की जान बचा ली। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment