एक का मिला सुराग, दूसरे में बाइक सवारों की तलाश सुभाषनगर-सार्थकनगर के 2 मकानों में चोरी की वारदात

उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के सुभाषनगर और सार्थक नगर के 2 मकानों में चोरी की बड़ी वारदात होना सामने आया है। सार्थकनगर में वारदात करने वाले बाइक से आये थे। सुभाषनगर में हुई चोरी का सुराग मिल चुका है। वारदात में रिश्तेदार युवकों के शामिल होने की शंका है। जिसका खुलासा जल्द किया जा सकता है।
सुभाषनगर की ओम रेसीडेंसी में रहने वाली साक्षी राठौर इंजीनियर है। वहीं पति देवेन्द्र राठौर भी बैंगलूर में इंजीनियर है। साक्षी 18 अप्रैल से परिवार में शादी होने पर मंदसौर गई हुई थी। 2 मई को वापस लौटी तो ताला टूटा हुआ मिला। लाखों के आभूषण और कीमती सामान चोरी पर मामले की शिकायत नीलगंगा थाना पुलिस को दर्ज कराई। दूसरी वारदात सार्थकनगर में रहने वाले जैन दंपति आंचल और विनय जैन के मकान में हुई। 2 दिनों से परिवार राजस्थान धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। 2 मई को लौटने पर उनके मकान का भी ताला टूटा मिला। बदमाशों ने लाखों के आभूषण और नगदी चोरी कर लिया था। सूचना पर नीलगंगा थाना पुलिस जांच के लिये पहुंची। इस दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गये। जिसमें बाइक पर सवार 2 संदिग्ध दिखाई दिये। एक के चेहरे पर नकाब के रूप में रूमाल बंधा हुआ था। दूसरे ने हेलमेट लगा रखा था। पुलिस बाइक नम्बर ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। जिसके आधार पर बदमाशों का पता लगाया जायेगा। नीलगंगा थाना क्षेत्र में कुछ दिनों में तीसरी चोरी की वारदात होना सामने आया है। सामने आई सुभाषनगर और सार्थक नगर की वारदात से पहले 26 अप्रैल को तिरूपति डायमंड कालोनी में रहने वाले इंजीनियर-शिक्षिका दंपति तवंर परिवार के मकान में 40 लाख के लगभग की चोरी होना सामने आया था। उक्त वारदात के दौरान स्कूटी सवार 2 बदमाशों के फुटेज सामने आये थे। यहीं नहीं 1 मई को दिनदहाड़े पंवासा थाना क्षेत्र के माधौपुरा में वार्ड क्रमांक 40 की पार्षद के मकान में चोरी की वारदात हुई थी। बदमाश कार से आये थे, जिनका पता लगाने के प्रयास पंवासा था पुलिस कर रही है। इन दिनों शादी-समारोह का सीजन चल रहा है, कई परिवार शहर से बाहर जा रहे है, मकान सूने होने का फायदा बदमाशों द्वारा उठाया जा रहा है। जिसके चलते चोरी की वारदात का ग्राफ बढ़ता दिखाई दे रहा है।
रिश्तेदार युवकों से शंका में पूछताछ
सुभाष नगर में इंजीनियर दंपति के यहां हुई चोरी में रिश्तेदार नाबालिग युवकों पर शंका जताई गई है। जिनका साक्षी राठौर के घर आना जाना था। शंका के आधार पुलिस 2 नाबालिग युवकों से पूछताछ कर रही है। संभावना है कि जल्द पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment