आयशर से टकराया ट्रक, चपेट में आया बाइक सवार

उज्जैन। इंदौररोड पर शनिवार सुबह बाइक सवार को बचाने में हादसा हो गया। आयशर से टकराने के बाद ट्रक पलटी खा गया। चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। आयशर भी पलट गई थी, जिसका चालक घायल हुआ है।
नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के इंदौररोड स्थित पंथपिपलाई के पास यथार्थ पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार को बचाने में ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी गैस रिफिलिंग आयशर से टकरा गया। घटनाक्रम में ट्रक और आयशर पलटी खा गये। जिसकी चपेट में बाइक सवार आ गया और उसकी मौत हो गई। आयशर चालक भी घायल हुआ है। घटनाक्रम की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक का नाम रमेश उर्फ गुड्डू पित ब्रजलाल श्रीवास्तव 53 साल निवासी पंथपिपलाई सामने आया। बताया जा रहा है कि मृतक मकान निर्माण की ठेकेदारी का काम करता था और पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर साइड पर जाने के लिये निकल रहा था। घटनाक्रम में घायल आयशर चालक ओमप्रकाश पिता बाबूलाल पाटीदार 50 साल निवासी नागझिरी ने बताया कि वह खाली गाड़ी लेकर खड़ा था, उसी दौरान ट्रक पलटकर आयशर पर आ गया। पुलिस के अनुसार बाइक सवार रमेश श्रीवास्तव की मौत होने पर मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। ट्रक चालक मौके से भाग निकला था, जिसकी तलाश की जा रही है। घटनाक्रम में ट्रक और आयशर के पलटी खाने से मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया था। पुलिस ने आवागमन का बनाये रखने के लिये दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से खड़ा किया और यातायात शुरू कराया। ट्रक चालक के सामने आने पर पता चल पायेगा कि कहां से कहां जा रहा था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment