उज्जैन। लालबाई-फूलबाई क्षेत्र में मंगलवार रात कार से आये युवकों द्वारा एक युवती का अपहरण कर लिया था। लेकिन सुबह होने से पहले अपहरण मामले में नया मोड़ आ गया। युवती ने युवक के साथ वीडियो बनाकर शेयर किया और कहा कि मर्जी से आई हूं। हमने शादी कर ली है। युवक ने मर्जी से भागने की बात कहीं है।
जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के लालबाई-फूलबाई क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब काले रंग की कार से आये 2 युवकों में शामिल एक युवक ने घर के बाहर बैठी युवती को जबरदस्ती अपनी कार में बैठा लिया था। युवती के परिवार ने उसे छुड़ाने की कोशिश की थी लेकिन दोनों युवक कार लेकर भाग निकले थे। घटना के बाद सामने आया था कि युवती के पिता यातायात विभाग में प्रायवेट क्रेन चलाक है। जीवाजीगंज पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे थे। जिसमें युवती को कार में बैठाने के फुटेज सामने आये थे। मामले में अपहरण का प्रकरण दर्ज किया गया था और अपहरण करने वालों की पहचान के प्रयास शुरू किये थे। युवती को जबरदस्ती कार में बैठाने वाले की पहचान धु्रव कुमावत निवासी उर्दूपुरा के रूप में हो गई थी। पुलिस ने मामले में अपहरण का प्रकरण दर्ज कर कार के जाने वाले रूट को ट्रेस करना शुरू किया था। पुलिस ने भैरवगढ़ क्षेत्र से पीछा भी किया था लेकिन वहां से निकले अलग-अलग रास्तों की वजह से आगे का रास्ता ट्रेस नहीं हो पाया था। पुलिस सभी रास्तों पर लगे कैमरों के फुटेज खंगाल रही थी। इस बीच सुबह होने से पहले अपहरण करने वाले युवक और युवती के 2 वीडियों परिवार के वाट्सएप पर पहुंच गये। जिसमें दोनों बालिग होने के साथ अपनी मर्जी से भागने और शादी करने की बात कहते सुनाई दिये। उनका कहना था कि भागने का तरीका गलत नहीं था, युवती ने वीडियो में बताया कि वह खुद कार में बैठी थी, उससे दीदी ने पकड़ा लिया था वह कुछ दिनों में लौट आयेगें। दोनों वीडियो पुलिस के पास भी पहुंचे। वीडियो को लेकर युवती के परिजनों का कहना था कि डरा-धमकाकर वीडियो बनाया गया है। मामले में टीआई प्रतीक शर्मा ने बताया कि अपहरण का वीडियों सामने आने के बाद मामले की जांच जारी है। जल्द अपहृत युवती का पता लगाकर उसका अपहरण करने वालों को गिरफ्तार किया जायेगा।
अपहरण मामले में नया मोड़, युवती बोली मर्जी से आई हूं