यातायात नियमों को लेकर पुलिस ने शुरू किया जागरूकता अभियान

उज्जैन। सड़क दुर्घटना में होने वाली जनहानि को रोकने के लिये पुलिस ने 10 दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरूआत की है। बुधवार को 2 महाविद्यालयों के 500 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस द्वारा सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 28 सितंबर से 8 अक्टूबर तक जागरूकता अभियान की शुरूआत की है। इस दौरान यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट के साथ सीट बेल्ट का उपयोग करने के लिये लोगों जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को यातायात एएसपी मनोज खत्री और डीएसपी दिलीपसिंह परिहार टीम के साथ विजन महाविद्यालय के साथ प्रशांति महाविद्यालय पहुंचे। जहां 500 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और पालन करने के लिये प्रोत्साहित किया। डीएसपी परिहार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात संकेतों एवं रोड मार्किंग सहित सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही प्रदेश और शहर में घटित सड़क दुर्घटनाओं तथा उनमें होने वाली जनहानि के संबंध में जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। छात्र-छात्राओं से यातायात नियमों से संबंधित प्रश्नोत्तर किए गए, सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को मौके पर पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों को जीवन के मूल्य को समझते हुए यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। एएसपी खत्री ने बताया कि अभियान के अंतर्गत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले तथा बिना सीटबेल्ट चार पहिया वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ प्रतिदिन चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होने आमजन से अपील करते हुये कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment