उज्जैन। खाचरौद में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर महिला और उसके पति ने लाल मिर्च फेंककर हमला कर दिया। घटना 19 मई की बताई जा रही है।घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला आरआई, पटवारी, पुलिस और अन्य कर्मचारियों पर छत से लाल मिर्च फेंकती नजर आ रही है। मिर्ची के हमले के बाद टीम को वहां से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
ग्राम पंचायत घिनोदा के सचिव चंद्रभान सिंह ने बताया कि घिनोदा आबादी क्षेत्र में मांगीलाल पाटीदार का मकान है। आरोप है कि हाल ही में निर्माण के दौरान उसने सड़क तक अतिक्रमण कर लिया था। शिकायत मिलने पर 19 मई को आरआई भगवान सिंह, पटवारी धर्मेंद्र चौहान, तहसील की टीम और खाचरौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी।टीम ने मांगीलाल और उसकी पत्नी सजन बाई को समझाइश देते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों पति-पत्नी घर के अंदर चले गए। प्रशासनिक टीम ने जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, तभी सजन बाई और मांगीलाल ने टीम पर लाल मिर्च फेंकना शुरू कर दिया।