April 28, 2024

कॉन्स्टेबल की आंख में मिट्टी डाल हथियार छीनकर भाग रहा था अकबर घोषी, पैर में लगी पुलिस की गोली

ब्रह्मास्त्र रतलाम। सट्टे के विवाद में गोलीकांड का मुख्य आरोपी अकबर घोषी राजस्थान के प्रतापगढ़ से अपने दो अन्य साथियों के साथ पकड़ा गया था। गोलीकांड में प्रयुक्त वाहन और हथियार की तलाश के लिए आरोपियों की निशानदेही पर उन्हें नागदा ले जाया जा रहा था। पुलिस हिरासत में पिपलोदा और जावरा के बीच में आरोपी अकबर घोसी ने लघुशंका करने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन रुकवाया और एक पुलिस आरक्षक से हथियार छीनकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने दो हवाई फायर किए लेकिन अकबर घोसी नहीं रुका। जिस पर पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगने से वह घायल हो गया। घायल आरोपी अकबर घोषी को जावरा शासकीय अस्पताल लाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। आरोपी को पकड़ने और झूमाझटकी में एसआई अनुराग यादव और आरक्षक दिलीप को भी चोटें आई हैं।एसपी गौरव तिवारी भी मौके पर पहुंचे हैं।