April 30, 2024

उज्जैन। नागदा-उन्हेल मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार रात 12.30 बजे रफ्तार से दौड़ते ट्रक चालक ने दो पहिया वाहनों पर सवार तीन युवको को बुरी तरह रौंद दिया था। भयावह रूप से हुई दुर्घटना में एक युवक के हाथ-पैर पूरी तरह से टूट गये थे। दूसरे का चेहरा क्षत-विक्षप्त हो गया था। चकरावदा टोल की एम्बुलेंस  लहूलुहान हालत में तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। तीनों की सांसे थम चुकी थी। एसआई हेमराज यादव और प्रधान आरक्षक कपिल राठौर के प्रयासों से रात 2.30 बजे मृतको की शिनाख्त हो गई। उनके पास मोबाइल और कुछ दस्तावेज मिले थे।
भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के नागदा-उन्हेल मार्ग पर ग्राम गोयला बुजुर्ग में पेट्रोल से कुछ दूरी पर क्षतिग्रस्त हालत में बाइक और एक्टिवा के साथ तीन युवको के लहूलुहान हालत में पड़े होने की जानकारी लगते ही चकरावदा टोल की 2 एम्बुलेंस पहुंच गई थी। एक युवक का शरीर पूरी तरह से क्षति-विक्षप्त हो गया था, दूसरे के हाथ पैर-टूट चुके थे और शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह से फट चुका था। युवको की हालत देख भयावह दुर्घटना होना सामने आया। 2 को एम्बुलेंस से और तीसरे को ट्राले में डालकर जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटनाक्रम की खबर मिलने पर भैरवगढ़ थाना एसआई हेमराज यादव और प्रधान आरक्षक कपिल राठौर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होने मृतको के पास मिले मोबाइल, वाहन संबंधित और कामकाज से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर शिनाख्त के प्रयास शुरू किये। रात 2.30 बजे तीनों के परिजनों से संपर्क हुआ और उन्हे घटनाक्रम से अवगत कराया गया। जानकारी मिलने पर परिजन उज्जैन के लिये रवाना हो गये थे। शनिवार सुबह पुलिस ने तीनों का पोस्टमार्टम कराया। इंदौर-खाचरौद के रहने वाले थे मृतक युवक एसआई हेमराज यादव ने बताया दुर्घटना के बाद ऐसा प्रतित हुआ था कि तीनों साथ थे। शिनाख्त के बाद सामने आया कि मृतक प्रदीप पिता कचरूलाल प्रजापत 22 वर्ष बाइक पर सवार था और वह खाचरौद के ग्राम गढ़ी भैसोला का रहने वाला है। वह उज्जैन आ रहा था, उसकी पत्नी मोहननगर में रहती है। प्रदीप और उसकी पत्नी में विवाद चल रहा था। जिसके चलते पत्नी कुछ माह पहले बेटे के साथ मायके आ गई थी। प्रदीप वेयर हाऊस पर काम करता था। एक्टिवा पर राजेश पिता सीताराम चौहान 41 वर्ष संकलपुर होशंगाबाद का रहने वाला है, जिसका हाल मुकाम इंदौर है। उसके साथ विजय पिता दिनेश भूरिया 19 वर्ष इंदौर था। दोनों सोफा सेट बनाने का काम करते थे। मंदसौर से काम कर वापस लौट रहे थे। राजेश 2 बच्चों का पिता था। विजय ने कक्षा 10 वीं की परीक्षा दी थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव इंदौर और खाचरौद ले गये।
42 घंटे में पांच लोगों की दुर्घटना में मौतशहर में 42 घ्ंाटे के दौरान सड़क दुर्घटना के दौरान पांच लोगों की मौत होना सामने आया। सबसे पहले गुरूवार सुबह 7 बजे इंदौररोड पर बैंक से सेवानिवृत्त बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। शुक्रवार सुबह 9 बजे इंदौररोड पर ही पुलिस वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई थी। उसके बाद शुक्रवार-शनिवार रात 12.30 बजे नागदा-उन्हेल मार्ग पर तीन युवको की दुर्घटना में जान चली गई। पुलिस ने शुक्रवार सुबह हुई पुलिस वाहन से दुर्घटना में ही वाहन चालक लोकेन्द्रसिंह सिसौदिया के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पुलिस वाहन को जप्त किया है। गुरूवार सुबह और शुक्रवार-शनिवार रात हुई दुर्घटना में वाहन चालको का पता नहीं चल पाया है।