April 30, 2024

उज्जैन। क्षिप्रा नदी से मिली वृद्धा की लाश को पुलिस ने शिनाख्त के लिये पोस्टमार्टम कक्ष में रखा था। शुक्रवार दोपहर तक पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद शव को दफना दिया गया था। 3 घंटे बाद राजस्थान के बंदू का रहने वाला परिवार उज्जैन पहुंच गया। वृद्धा की शिनाख्त की गई। पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारी की अनुमति के बाद शनिवार दोपहर शव को निकाला। पुत्र-पुत्री ने उज्जैन में ही अंतिम संस्कार किया है।महाकाल थाना एएसआई रामनाथ भारती ने बताया कि 10 अप्रैल को दत्त अखाड़ा छोटी रपट के पास से क्षिप्रा में डूबी वृद्ध महिला की लाश बरामद की गई थी। 12 अप्रैल तक शिनाख्त नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम कराया गया और दोपहर 12 बजे के बीच चक्रतीर्थ के समीप दफना दिया गया। शाम बजे के लगभग राजस्थान के बूंदी स्थित चौमुखा का रहने वाला परिवार उज्जैन पहुंचा। उन्होने थाने आकर संपर्क किया और क्षिप्रा से मिली वृद्धा के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने फोटोग्राफ दिखाए। जिसके आधार पर पुत्र वरूण पिता स्व. कैलाश अग्रवाल ने मृतका की पहचान अपनी मां शशिप्रभा के रूप में कर ली। एएसआई भारती के अनुसार पुलिस शव दफना चुकी थी। जिसको वापस बाहर निकालने के लिये प्रशासनिक अधिकारियों से पत्राचार किया गया। एसडीएम की अनुमति मिलने पर तहसीलदार की मौजूदगी में शनिवार दोपहर को शव निकाला गया। जिसके बाद पुत्र वरूण और पुत्री कनिका पति विमल अग्रवाल ने परिजनों के साथ चक्रतीर्थ पर ही दाह संस्कार किया। शाम परिवार राजस्थान के लिये रवाना हो गया था। सीसीटीवी कैमरों से मिला था उज्जैन का पता
एएसआई भारती ने बताया कि पुत्र वरूण ने चर्चा के दौरान बताया कि पिता का निधन सालो पहले हो गया था। मां शशिप्रभा 62 वर्ष 21 मार्च को भीलवाड़ा में रहने वाली बेटी कनिका के ससुराल चली गई थी। 15 दिन वह रहने  के बाद झालावाड़ा में रहने वाली मौसी के घर पहुंची। जहां से बूंदी चौमुखा का बोलकर 9 अप्रैल को निकली थी। उसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। संपर्क नहीं होने पर झालावाड़ बस स्टेंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे देखे। मां उज्जैन की बस में सवार होती दिखाई दी। बस चालक से पूछताछ करने पर उज्जैन छोडऩा बताया। यहां आने पर पुलिस से संपर्क किया। उन्हे कंट्रोलरूम भेजा गया, जहां स्मार्टसिटी कैमरों के कंट्रोलरूम के फुटेज देखे गये। जिसमें महाकाल घाटी तक मां दिखाई दी थी। उसके बाद महाकाल पुलिस से संपर्क करने पर क्षिप्रा से लाश मिलने की खबर सामने आई। संभवत: नहाने के दौरान डूबने से उनकी मौत हुई है।