शोर सुनकर महिला सुरक्षाकर्मी ने दिखाई मुस्तैदी महाकाल मंदिर परिसर से चेन चोरी करने वाली महिलाओं का गिरोह पकड़ाया

उज्जैन। महाकाल मंदिर में तैनात महिला सुरक्षाकर्मी ने अपनी सहयोगी सुरक्षाकर्मी की मदद से महिला श्रद्धालु के गले से चेन चोरी कर भागने का प्रयास कर रही 2 महिलाओं को मुस्तैदी दिखाते हुए पकड़ लिया। दोनों महिला चोर के साथ उनके गिरोह में शामिल 2 महिलाओं को और मंदिर परिसर से पकड़ा गया है। जिनसे पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।बताया जा रहा है कि मद्रास का परिवार सोमवार को महाकाल दर्शन के लिये आया था। बाबा के दर्शन करने के बाद परिवार मंदिर परिसर में बने औंकारेश्वर मंदिर में पहुंचा था। उसी दौरान परिवार की महिला के गले से 2 महिलाओं ने सोने की चेन उड़ा दी। मद्रास से आये परिवार की महिला ने चेन खींचने का आभास होते ही शोर मचाया। तभी टनल के पास पानी की बोतल भरने पहुंची महिला सुरक्षाकर्मी पूजा जोशी ने आवाज सुनी और बोतल छोड़कर चेन चुराकर भाग रही महिलाओं के पीछे दौड़ पड़ी। उसने एक महिला को पकड़ लिया। आवाज सुनकर उसकी सहयोगी सुरक्षाकर्मी सुनीता उपाध्याय और एक आरक्षक भी आ गया उन्होने दूसरी महिला को पकड़ लिया। दोनों महिलाओं के पकड़ाने की खबर मिलते ही मंदिर में सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले अन्य लोग भी पहुंच गये। इस दौरान सामने आया कि दोनों महिलाओं के गिरोह में शामिल 2 अन्य महिलाएं भी है। उन्हे मंदिर परिसर से तलाश कर पकड़ा गया। चार महिलाओं के पकड़ाने पर सुरक्षा कंपनी की सुपरवाइजर मनीषा भी टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। महिलाओं को अपनी कस्टडी में लेकर महिला सुरक्षाकर्मियों को पाइंट पर जाने के आदेश दिये और चेन चोरी करने वाली महिलाओं को चौकी ले जाया गया। जहां उनके पास से चोरी की गई चेन बरामद कर ली गई। चारों को महाकाल थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। विदित हो कि चार-पांच दिन पहले राजगढ़ से आई महिला की तीन तोला वजनी चेन चोरी होना सामने आया था। वहीं 2 दिन पहले झालरिया मठ में चली रही कथा के समापन पर होने वाली आरती के समय भी चार से पांच महिलाओं की चेन चोरी होना सामने आया था। सभी मामलों में पकड़ाई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।जयपुर की रहने वाली है चारों महिला महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि मंदिर समिति द्वारा चार महिलाओं को महिला श्रद्धालु के गले से चेन चोरी करते पकड़ा था। जिन्हे पुलिस के सुपुर्द किया गया है। चारों महिलाएं राजस्थान के जयपुर की होना सामने आ रही है। चारों पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही है। नाम-पता भी गल बताया जा रहा है। महिला अधिकारी द्वारा चारों से पूछताछ कर पूर्व में हुई चेन चोरी के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। संभावना है कि पिछले दिनों हुई वारदातों का सुराग मिल सकता है।