April 27, 2024

इंदौर। बहुचर्चित बावड़ी कांड में 36 लोगों की मौत को लेकर जूनी इंदौर पुलिस ने बेलेश्वर मंदिर समिति के दो पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को आरोपी बनाया था लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई थी। शुक्रवार सुबह पुलिस अचानक दोनों के घर पहुंची और गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
पिछले वर्ष रामनवमी पर जूनी इंदौर थाना अंतर्गत स्नेह नगर में बेलेश्वर महादेव मंदिर में आयोजन चल रहा था। बावड़ी को स्लैब डालकर बंद कर दिया गया था। हवन के दौरान स्लैब ढह गया और 36 लोगों की मौत हो गई। इस मामले में जूनी इंदौर पुलिस ने मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों पर केस दर्ज किया लेकिन गिरफ्तारी टाल दी गई। शुक्रवार सुबह मामले में पूर्व पार्षद सेवाराम और मुरली की गिरफ्तारी कर ली। इस गिरफ्तारी का विरोध भी हो रहा है। विशेषकर उन परिवार ने भी कार्रवाई से इन्कार कर दिया था जिनके सदस्यों की मौत हुई थी।

क्या है मामला

रामनवमी पर हुए दर्दनाक हादसे में 36 लोगों की मौत हो गई थी। इंदौर के स्नेह नगर के पास पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर परिसर में बनीं बावड़ी के ऊपर की छत धंसने से कई लोग बावड़ी में गिर गए थे। गुरुवार सुबह करीब 11.30 बजे की घटना के बाद से शुक्रवार देर रात तक चले चले रेस्क्यू अभियान में 36 शव निकाले गए थे। मृतकों में महिलाओं और बच्चे भी शामिल रहे। एक घायल की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई थी। मृतकों में एक सास-बहू भी शामिल थी। एक दर्जन से अधिक शव सेना ने देर रात निकाले थे। सेना का रातभर चला अभियान अल सुबह भी जारी रहा था। इस हादसे के बाद आरोप-प्रत्‍यारोप के बीच प्रशासन और इंदौर नगर निगम के अमले ने कड़ी कार्रवाई की और बावड़ी को बंद करने के साथ ही मंदिर और अवैध अतिक्रमण को ध्‍वस्‍त कर दिया।