जिले में महिला स्व सहायता समूह करेंगे उचित मूल्य दुकान का संचालन

इंदौर। इंदौर जिले की राशन दुकान विहीन ग्राम पंचायतों में अब राशन दुकानों के संचालन का जिम्मा महिलाओं को सौंपा जा रहा है। महिलाएं दुकान संचालन कर अपनी आजीविका बढ़ा सकेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। जिले की महू जनपद पंचायत में 12 ग्राम पंचायतों में राशन दुकान के संचालन का जिम्मा महिला स्व सहायता समूह को सौंपा गया। महिलाएं इसी माह से दुकानों का संचालन शुरू करेंगी। जिले में दुकान विहीन ग्राम पंचायतों में अभियान चलाकर उचित मूल्य दुकान खोलने की कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी के आदेशानुसार जनपद पंचायत महू की दुकान विहीन 12 ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य दुकान खोली गई हैं। उक्त दुकानों का संचालन चयनित महिला स्व सहायता समूह की महिला विक्रेताओं द्वारा किया जाएगा। 12 स्व सहायता समूहों को उचित मूल्य दुकान के संचालन के लिए जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू द्वारा पीओएस मशीन उपलब्ध कराई गई। इन्हें इसी माह से दुकान संचालन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
राशन लेने दूर नहीं जाना पड़ेगा
उक्त ग्राम पंचायतों के हजारों हितग्राहियों को अब राशन लेने दूर नहीं जाना पड़ेगा। ग्राम पंचायत मुख्यालय पर खोली गई नवीन उचित मूल्य दुकान से ही राशन स्थानीय स्तर पर सुविधाजनक रूप से प्राप्त हो सकेगा। जनपद पंचायत महू की सभी ग्राम पंचायतों में दुकान खोलने की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। दुकान खोलने की कार्यवाही क्षेत्रीय आपूर्ति अधिकारी शिवसुंदर व्यास द्वारा की गई।