जबरदस्ती खतना करवाने वाले बच्चे को किया पिता के सुपुर्द, नाना ने भी दी सहमति

इंदौर। मां द्वारा जबरदस्ती खतना करवाने वाले बच्चे मनन को गुरुवार को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया है। इसमें नाना ने भी सहमति दी है। बच्चे की छह घंटे तक काउंसलिंग चली। बच्चा पिता महेश कुमार नाहटा (जैन) को ही अपना दुश्मन समझ रहा था। काफी समझाइश के बाद वह माना। बच्चे की काउंसलिंग बाल कल्याण समिति अध्यक्ष पल्लवी पोरवाल, सदस्य संगीता चौधरी, धर्मेंद्र पंड्या आदि ने की। छह घंटे चली काउसंलिग में पहले तो आठ वर्षीय बच्चा कुछ बता ही नहीं रहा था। मनन का इतना ब्रेन वाश किया जा चुका था कि वह इलियास कुरैशी को ही अपना पिता मान रहा था, क्योंकि डेढ़ साल की उम्र से ही वह मां प्रार्थना के साथ कुरैशी के पास रह रहा था। वह शुरूआत में ऐसे बोल रहा था जैसे उसे पूरा सिखाया गया है। अपने पिता महेश को कह रहा था कि तुमने हमारा पूरा घर उजाड़ दिया है। तुम छह साल से तो मुझसे मिलने के लिए भी नहीं आए थे।
इलियास और मां में होता रहता था विवाद
बच्चे ने काउंसलिंग में बताया कि मां प्रार्थना और इलियास के बीच अकसर विवाद होता रहता है। कई बार गुस्से में दोनों ने ब्लेड से अपने हाथ तक काट लिए थे। इसके बाद गुस्से में मां कई बार मारती भी थी। खतना अपनी मर्जी से ही करवाया था। अभी तक वह स्कूल नहीं जा रहा था। इस साल ही स्कूल में एडमिशन करवाया था। साथ ही मुस्लिम धर्म की ही ज्यादा बातें कर रहा था। कह रहा था कि मैं तो नमाज पढ़ता हूं।