हैकिंग के बाद ई-पालिका पोर्टल का डेटा रिकवर की कोशिश, जमा नहीं हुआ पुराना कर
![](https://www.awantika.com/wp-content/uploads/2024/05/haking-1.jpg)
इंदौर। नगर पालिक निगम इंदौर में हैकिंग के बाद ई-पालिका पोर्टल का डेटा रिकवर करने की कोशिश लगातार चल रही है। ऑनलाइन एंट्री का काम भी जारी है, लेकिन करदाता अब तक पिछला कर जमा नहीं कर सके हैं। वहीं आचार संहिता के चलते 11 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में जनता को कर पर लगने वाले अधिभार में छूट नहीं मिल सकेगी।
इंदौर निगमायुक्त शिवम दुबे के अनुसार अब तक शासन स्तर पर इस संबंध में दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। इसके पहले 11 फरवरी को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में भी आमजन को अधिभार पर छूट नहीं मिल सकी थी।
गौरतलब है कि 23 दिसंबर 2023 को ई-पालिका पोर्टल हैक हो गया था। इसके बाद से इसमें गड़बड़ी चल रही है। हाल ही में यह पोर्टल चालू तो हुआ लेकिन पुराना डेटा रिकवर करने में दिक्कत आ रही है। पोर्टल पर पुराना रिकॉर्ड दिखाई नहीं पड़ने की वजह से बड़ी संख्या में करदाता अब तक पुराना कर जमा नहीं कर सकें हैं।
जल्द ही काम करने लगेगा ई- पालिका टू
निगमायुक्त ने बताया कि नए पोर्टल का काम भी लगभग पूरा हो गया है। इसे ई-पालिका टू नाम दिया गया है। इसके काम करना शुरू करने के बाद रिकार्ड पूरी तरह से अपडेट हो जाएगा।