April 27, 2024

पारा 42 पार तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा, रात के सबसे ज्यादा तापमान में इंदौर, खरगोन के बाद उज्जैन

इंदौर। गर्मी के तेवर लगातार तीखे हो रहे हैं। मौसम विभाग ने मालवा और खाकर इंदौर और आसपास के इलाकों में शनिवार से लू चल रही है। देश के दूसरे नंबर के सबसे गर्म शहर और मध्य प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रहने वाला शहर रतलाम में गुरूवार से ही लू चल रही है। यही स्थिति धार की भी है। वहां भी लू चल रही है। शनिवार को गर्मी ने और भीषण रूप दिखाना शुरू कर दिया है।
शनिवार सुबह से तेज गर्मी के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर ढाई बजे दिन तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। मौसम विभाग द्वारा शाम को जारी आंकड़े के अनुसार इंदौर का तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है।
इससे पहले इंदौर में गुरुवार को दिन का तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस था। रात ज्यादा गर्म थी। बुधवार को रात का न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह मालवा-निमाड़ की अपेक्षा इंदौर की सबसे गर्म रात थी। गुरुवार रात इसमें और इजाफा हुआ। इस दौरान रात का तापमान 24.5 डिग्री पहुंच गया था।
इस दिन इंदौर में मालवा-निमाड़ की दूसरी सबसे गर्म रात थी। रात के तापमान के मामले में इंदौर के बाद दूसरे नंबर पर खरगोन, तीसरे नंबर पर उज्जैन, चौथे नंबर पर खंडवा और पांचवें नंबर पर धार था। शुक्रवार दोपहर ढाई बजे ग्वालियर में सबसे ज्यादा तापमान (41.8 डिग्री सेल्सियस) था। इंदौर का तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस के बाद भोपाल, होशंगाबाद व सतना का तापमान था।
मौसम वैज्ञानिक एसएस साहू के ने बताया कि पिछले 24 घंटे में पूरे प्रदेश का मौसम शुष्क था। इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले दो तीन दिनों तक शाजापुर, धार, रतलाम में लू चलने की संभावना है। इससे इंदौर में हीट वेव चलने से इनकार नहीं किया जा सकता। सुपर साइक्लोन के कारण प्रदेश में कहीं-कहीं हवा की रफ्तार तेज हो सकती है। इसलिए इसका असर तटीय इलाके जैसे आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल में होने की संभावना है।