दुर्घटना में कांग्रेस पार्षद सहित 3 की मौत

इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर ट्राले के नीचे घुसी कार, 150 मीटर तक घसीटता ले गया चालक

ब्रह्मास्त्र धार

धार जिले में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कांग्रेस पार्षद भी शामिल हैं। हादसा इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर हुआ। रात करीब 3 बजे पार्षद अपने दोस्तों के साथ जा रहे थे, तभी आगे चल रहे ट्राले में उनकी कार जा घुसी। ट्राला कार को करीब 150 मीटर तक घसीटता हुआ अपने साथ ले गया। इसी बीच फोरलेन पर खड़े कुछ लोगों ने वाहन को हाथ देकर रोका और हादसे के बारे में बताया।
जानकारी मिलते ही एसडीओपी सरदारपुर रामसिंह मेडा, टीआई प्रदीप खन्ना मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला गया। शव वाहन में बुरी तरह फंस गए थे, करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। इधर, ट्राले को क्रेन की मदद से फोरलेन से हटाया गया। वाहन चालक फरार हो गया है।