April 29, 2024

उज्जैन। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के बीच शुक्रवार को तापमान ने छलांग लगाई तो शाम को तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी ने दस्तक देकर मौसम का मिजाज बदल दिया और ठंडक महसूस होने लगी। लेकिन रात ढलने पर उमस महसूस होने लगी थी।
अप्रैल माह की शुरूआत होने के बाद पिछले चार दिनों से अधिकतम तापमान में तेजी आना शुरू हो गई थी, 2 दिनों से न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है। इस बीच पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बारिश और तेज हवा भी चल रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में उछाल आया और 37 डिग्री के करीब पहुंच गया। गुरुवार-शुक्रवार रात न्यूनतम ने 21 डिग्री की ओर कदम बढ़ा लिये थे। सुबह की आर्द्रता का प्रतिशत 43 तो शाम को 31 प्रतिशत पर आ गया था। तभी 6 बजे बाद आसमान में बादल छा गये और तेज आंधी चलने लगी। मौसम पूरी तरह से बदल गया था। कुछ देर में ही तेजी के साथ बड़ी-बड़ी बारिश की बूंदों ने शहर को गिला कर दिया। जिले के कुछ हिस्सों में तेज बारिश भी हुई। तेज आंधी और बारिश के बाद ठंडक महसूस होने लगी थी, लेकिन रात होने पर हवा की रफ्तार कम होते ही उमस का माहौल बन गया था। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त के अनुसार चार से पांच दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। एक सप्ताह बाद भीषण गर्मी पड़ सकती है।