इंदौर- उज्जैन समेत मप्र की 12 नगर निगमों में 1800 करोड रुपए का घोटाला

 

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री को एक्स हैंडल पर लिखा- सबूत नष्ट करने के लिए लगाई जा सकती है आग, इसलिए लेखा विभाग की करें सुरक्षा तैनात करें फायर ब्रिगेड

इंदौर। मध्यप्रदेश के 12 नगर निगमों मे 18 सौ करोड़ के घोटाले में लेखा विभाग से समस्त सबूत नष्ट करने के लिए कभी भी आग लगाने की घटना हो सकती हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चाहिए कि वे लेखा विभाग की सुरक्षा सुनिश्चित करें एंव फ़ायर ब्रिगेड को लेखा विभाग के पास तैनात करें। उक्त आशंका जाहिर करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राकेश सिंह यादव ने मध्य प्रदेश की 11 नगर निगम में घोटाले की सूची भी एक हैंडल पर जारी की है।
कांग्रेस नेता के अनुसार इंदौर नगर निगम में 150 करोड़, भोपाल नगर निगम में 270 करोड़, सागर नगर निगम में 120 करोड़, जबलपुर नगर निगम में 220 करोड़, खंडवा नगर निगम में 109 करोड़, बुरहानपुर नगर निगम में 112 करोड़, ग्वालियर नगर निगम में 195 करोड़, उज्जैन नगर निगम में 145 करोड़, रतलाम नगर निगम में 114 करोड़, रीवा नगर निगम में 129 करोड़, देवास नगर निगम में 113 करोड तथा सतना नगर निगम में 124 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव को आशंका है कि इस घोटाले में लेखा विभाग से समस्त सबूत नष्ट करने के लिए कभी भी आग लगाने की घटना हो सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखा है कि वह लेखा विभाग की सुरक्षा सुनिश्चित करें एवं फायर ब्रिगेड को लेखा विभाग के पास तैनात करें।

इंदौर नगर निगम में सवा सौ करोड़ के घोटाले में दो गिरफ्तार

मोहम्मद साजिद और 12 वीं पास मोहम्मद जाकिर ने कर डाला करोड़ों का भ्रष्टाचार

इंदौर नगर निगम में हुए 125 करोड़ के घोटाले में एमजी रोड पुलिस ने रविवार शाम आरोपी मोहम्मद जाकिर और मोहम्मद साजिद की आईटी पार्क खंडवा रोड से गिरफ्तारी दर्शाई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी पूर्व नियोजित तरीके से पेश हुए।
टीआई के मुताबिक आरोपी अजमेर भागे थे। वहां से खंडवा गए। रात को जोन-3 के डीसीपी पंकज पांडे ने पूछताछ की। आरोपी जाकिर 12वीं पास है। उसका भाई साजिद इंजीनियर है।
दोनों राहुल वढ़ेरा के दोस्त हैं। पूछताछ में फर्जी बिल बनाना कबूला, लेकिन कहा कि सब राहुल करता था। साजिद तो सिर्फ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करता था। जाकिर दस्तावेज पेश करता था। कई अधिकारी और कर्मचारी राहुल के साथ उठते-बैठते थे। राहुल की पार्षदों से गहरी दोस्ती है।
इससे पहले कल दो थानों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फरार ठेकेदारों के आफिस और घरों में छापे मारे थे। पुलिस ने ताले तोड़कर फाइलें, रजिस्ट्री, पासपोर्ट, बैंक पासबुक और लग्जरी कारें जब्त की थी।