April 18, 2024

कांग्रेस को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का सहारा

भोपाल। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही जी तोड़ मेहनत पर लग गई हैं। दोनों ही पार्टियां कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। कांग्रेस फिलहाल राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को भुनाने में लगी हुई है तो वहीं भाजपा पार्टी ऐसे लोगों को तैयार कर रही है, जिनकी समाज में अच्छी पकड़ है। भाजपा व्दारा अब विदेशों में बसे प्रदेश के नौकरीपेशा और बिजनेसमैन लोगों को लुभाया जा रहा है, जिससे वे भाजपा के फेवर में माहौल बना सकें। इसके लिए पार्टी का विदेश संपर्क विभाग तेजी से काम कर रहा है।
उनके घर दिवाली पर मिठाई भी बांटी जा रही है। विदेश संपर्क विभाग ने 2 बड़े कार्यक्रमों के जरिए विदेशों में बसे एनआरआई युवाओं और परिवारों को जोड़ने की शुरुआत की है। इन्हें लगातार प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और आयोजनों में वर्चुअली जोड़ा जाएगा।
2018 में हुए विधानसभा चुनाव में मामूली अंतर से भाजपा प्रदेश की सत्ता से बाहर हो गई थी। हालांकि बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के बाद भाजपा फिर काबिज हो गई। एंटी इन्कमबेंसी से निपटने भाजपा अब कैंपेन चला रही है।

40 देशों में बसे परिवारों ने देखा था ‘महाकाल लोक’ का लोकार्पण

सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने करीब 40 देशों में बसे भारतीयों से वर्चुअल मीटिंग कर महाकाल लोक का लोकार्पण कार्यक्रम देखने की अपील की थी। इस पर विदेशों में बसे मप्र के नागरिकों और भारतीयों ने लाइव प्रसारण देखा था। उज्जैन के कार्यक्रम के बाद दुनिया भर से एनआरआई नागरिकों ने इसका अच्छा फीडबैक दिया था।