April 26, 2024

15 लाख दीयों में बाती और तेल भरने का काम शुरू

ब्रह्मास्त्र अयोध्या

अयोध्या में आज छठा दीपोत्सव है। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को दिवाली की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव में शामिल हो रहे हैं। 15 लाख दीये को जलाने के लिए इसमें बाती और तेल भरने का काम शुरू हो गया है। रामलला का दरबार भी सज गया है।

सोने का मुकुट और गुलाबी वस्त्र में प्रभु श्रीराम, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और हनुमानजी विराजमान हैं। दीपोत्सव पर रामलला को ये खास कपड़े पहनाए गए हैं। रामलला और उनके भाई भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न एक जैसे कपड़े पहनते हैं, इसलिए चारों भाइयों के लिए एक तरह के कपड़े तैयार किए गए हैं।

अलग-अलग स्कूल और कॉलेज से 18 हजार स्टूडेंट्स दीया जलाने आए हैं। सभी कॉलेज के लिए अलग-अलग घाट बांट दिया गया है। अयोध्या में 6 झांकियां निकाली जा रही हैं। श्रीराम के जन्म के समय से लेकर उनके राज्याभिषेक तक सभी प्रसंग दिखाए जा रहे।
शाम को पुष्पक विमान रूपी हेलिकॉप्टर से माता सीता और भगवान श्रीराम तीनों भाइयों के साथ उतरेंगे। पुष्पक विमान से आगमन पर सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ प्रभु की अगवानी करेंगे। श्रीराम का राज्याभिषेक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में श्रीराम का राजतिलक कर आरती उतारेंगे।