बुरहानपुर। कलेक्टर विवेक कुमार ने मंगलवार को जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण कर औद्योगिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने उद्योग विभाग से औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों, अधोसंरचना एवं उद्योगों के संचालन के लिए आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।मोहम्मदपुरा औद्योगिक क्लस्टर में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्लॉट आवंटन की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति जानी।
कलेक्टर ने क्लस्टर स्थित प्रशासनिक भवन का निरीक्षण भी किया तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं को भी देखा।निरीक्षण की कड़ी में कलेक्टर उद्योग नगर स्थित फैक्ट्री पहुंचे, जहां उन्होंने सूती कपड़ा निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कपड़े को हाथ से छूकर उसकी गुणवत्ता भी देखी। इस दौरान फैक्ट्री की उत्पादन क्षमता, कपड़ा निर्माण में लगने वाला समय, उपयोग में लाई जा रही मशीनों तथा तैयार माल के निर्यात संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने फैक्ट्री में कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पाद तक की निर्माण प्रक्रिया को भी समझा।इसी क्रम में कलेक्टर ने ग्राम निंबोला स्थित फिडर टेक्सटाइल का भी जायजा लिया। उन्होंने निंबोला औद्योगिक क्लस्टर की मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली एवं जीएमडीआईसी के अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एमपीईबी से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल स्रोतों का निरीक्षण कर औद्योगिक क्षेत्र में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।