उज्जैन। दीपावली के बाद आज मंगलवार को सुहाग पड़वा के अवसर पर लखेरवाड़ी स्थित अति प्राचीन मां गजलक्ष्मी मंदिर में महिलाओं को पुजारी परिवार द्वारा सुहाग का सिंदूर वितरित किया जाएगा। यह वर्ष में एक बार सुहाग पड़वा के अवसर पर मंदिर के पुजारी परिवार द्वारा महिलाओं को वितरित किया जाता है। जिसके चलते सुहाग पड़वा पर सुबह से ही मंदिर में महिलाओं की भीड़ लग जाती है। साल में केवल एक बार सुहाग पड़वा के दिन इस सिंदूर को महिलाओं में प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाता है।मान्यता यह है कि यहां का सिंदूर घर में संभाल कर रखने से माता जी की कृपा हमेशा बरसती है। घर में सुख समृद्धि बनी रहती है। हालांकि दीपावली के एक दिन बाद यह सिंदूर महिलाओं को प्रसाद के रूप में दिया जाता है। लेकिन रविवार को दीपावली का त्यौहार व सोमवार को अमावस्या होने की वजह से मंगलवार को सुहाग पड़वा मनाई गई है। श्रद्धालु द्वारा माता जी को चढ़ाए जाने वाला सिंदूर पुजारी परिवार संभाल कर रखते हैं। इसके बाद साल में एक बार सुहाग पड़वा के अवसर पर यह सिंदूर महिलाओं को वितरित किया जाता है। मां गज लक्ष्मी मंदिर के पुजारी अवधेश शर्मा ने बताया कि गज पर सवार लक्ष्मी जी की प्रतिमा लक्ष्मी के आठ रूपों में से एक है। शहर के मुख्य बाजार लखेरवाड़ी के समीप यह गज लक्ष्मी का मंदिर अति प्राचीन है। दीपावली पर्व पर यहां मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इस बार धनतेरस के दिन गजलक्ष्मी माताजी के गर्भग्रह को 40 लाख रुपए के नोटों से भी सजाया गया था यह मंदिर 2000 वर्ष पुराना है और इस मंदिर का स्कंद पुराण में भी उल्लेख है।
आज सुहाग पड़वा पर गजलक्ष्मी मंदिर में महिलाओं को बांटा जाएगा माता जी का सिंदूर