रात 10 बजे बाद डीजे पर रहेगा प्रतिबंध -पुलिस ने संचालकों के साथ की बैठक

उज्जैन। आगामी त्यौहारों को सौहार्द्र और शांति के साथ पूरा कराने के उद्देश्य से पुलिस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। रविवार को सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित की और रात 10 बजे बाद डीजे नहीं बजाने के निर्देश जारी किये।
कुछ दिनों बाद माता की आराधना का नौ दिवसीय पर्व नवरात्री की शुरूआत होने जा रही है। उसके बाद दशहरा पर्व मनाये जायेगा। वहीं हिन्दू संप्रदाय का सबसे बड़ा पर्व दीपावली भी नवम्बर माह में होगा। सभी त्यौहारों और पर्व को लेकर पुलिस द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है। ताकि त्यौहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में सौहार्द्र के साथ मनाया जा सके। इसको लेकर सबसे पहले शहर के डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारियों ने अपने क्षेत्र के संचालकों को बुलाया और ध्वनि प्रदूषण से संबंधित निर्धारित नियमों, मानकों का पालन करने के साथ निर्धारित अनुमति, शर्तों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने और रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर/ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं करने के स्पष्ट निर्देश जारी किये। संचालकों से कहा गया कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर/पब्लिक एड्रेस सिस्टम के उपयोग पर सामान्य प्रतिबंध है। निर्देशों का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। बैठक के दौरान पुलिस द्वारा डीजे संचालकों से नियम और निर्देशों का पालन करने के लिये बंध पत्र (बॉड) भरवाये गये। साथ ही बताया गया कि मर्यादित और सभ्य गीत संगीत का प्रसारण करेंगें किसी धर्म संप्रदाय, जाति अथवा समुदाय की भावना को ठेस पहुंचने वाले गीतों को नहीं बजायेगें। पुलिस ने सभी संचालकों से सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपेक्षा की गई।
रात में निकाला गया फ्लैग मार्च
दिन में डीजे संचालकों की बैठक के बाद रात में जिला पुलिस बल और आरएएफ के जवानों द्वारा कानून व्यवस्था को बनाये रखे के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शहर के प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। मार्च के दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी पैदल भ्रमण करते दिखाई दिये। शहर के साथ ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी शांति और सौहार्द्र को कायम रखने के लिये फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment