उज्जैन। कुख्यात तस्कर के मकान में अवैध शराब का जखीरा होने की सूचना पर रविवार तड़के आबकारी की टीम तराना पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे खुलवाने का प्रयास किया गया। नहीं खुलने पर धक्का देकर खोला गया। अंदर देशी के साथ विदेशी शराब रखी होना मिली।
आबकारी नियंत्रण कक्ष अधिकारी मुकेश रंदा ने बताया कि जिले में अवैध शराब को लेकर सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन के निर्देश पर विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सूचना मिली थी कि तराना के कुख्यात तस्कर के मकान में अवैध शराब रखी हुई है। व्रत प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप कतरोलिया, आकांक्षा गढ़वाल की टीम ने तराना के पाला मोहल्ला में तस्कर भारत पिता देवीसिंह राजपूत के मकान पर दबिश दी। सुबह 6 बजे दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया लेकिन अंदर से बंद दरवाजा नहीं खुला। अवैध की सूचना पुख्ता होने पर तराना पुलिस और गवाहों की मौजदूगी में दरवाजे को धक्का देखकर खोला गया। टीम ने मकान की तलाशी ली तो वहां से देशी-विदेशी शराब का जखीरा मिल गया। तस्कर भारतसिंह को हिरासत में लिया गया और मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) क, 34 (2) का प्रकरण दर्ज किया गया। बरामद की गई शराब की कीमत 46 हजार रूपये पाई गई है। नियंत्रण कक्ष अधिकारी रंदा के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में मादक पदार्थ तस्करी और अवैध शराब सहित 11 प्रकरण दर्ज है।
धक्का देकर दरवाजा खोला तो मिली हजारों की शराब