ओहायो।अमेरिका के ओहायो में शुक्रवार को हिंदू मंदिर पर ईंटों से हमला किया गया। इसमें मंदिर को काफी नुकसान हुआ। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन के मुताबिक, दोपहर 1:30 बजे श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया।रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में मंदिर की खिड़कियां टूट गईं। घटना के समय पुजारी और कई श्रद्धालु मंदिर के अंदर मौजूद थे। इस घटना का CCTV फुटेज मौजूद है। अधिकारी इनकी जांच कर रहे हैं।हिंदू स्वयंसेवक संघ USA के मुताबिक पिछले 5 साल में अमेरिका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाकर 15 से ज्यादा तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। इनमें 6 BAPS मंदिर शामिल थे।मंदिर के अंदर खिड़कियों के टूटे कांच जमीन पर गिरे नजर आए। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने कहा कि वह हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने इसे हेट क्राइम बताया-फाउंडेशन ने कहा कि यह संभावित हेट क्राइम हो सकता है। संगठन के मुताबिक, यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका में हिंदू-अमेरिकी समुदाय के खिलाफ नफरत और हिंसा से भरी बयानबाजी बढ़ी है।संगठन ने कानून लागू करने वाली एजेंसियों से हमलावरों को जल्द पकड़ने को कहा है। साथ ही अमेरिकी नेताओं और सरकारी एजेंसियों से भारतीय और हिंदू-अमेरिकी समुदायों के खिलाफ नफरत भरी बयानबाजी की साफ तौर पर निंदा करने की अपील की है।