उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर के गेट नंबर-1 से महाकाल चौराहे तक 80 फीट मार्ग की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस मार्ग को स्मार्ट सिटी बनाने वाला है। नगर निगम उज्जैन की और से स्मार्ट सिटी को साईड क्लीयर कर देना है। इस मार्ग के बनने के साथ ही नीलकंठ द्वार से चौराहा तक 24 मीटर एवं उसके आगे चौराहा से कमरी मार्ग तक 20 मीटर चौडा मार्ग प्रस्तावित है। इससे भविष्य में पूरा सवारी मार्ग चौडा हो जाएगा।श्री महाकालेश्वर मंदिर के गेट नंबर 1 से लेकर चौराहा तक मार्ग चौडीकरण को लेकर नगर निगम झोन 3 ने यहां व्यवसायियों को नोटिस जारी किए थे।
हाल ही में न्यायालय से स्थगन हटाने के बाद नगर निगम टीम बुधवार को मौके पर पहुंची और दुकानदारों, होटल संचालकों से दुकानें व होटल खाली करने को कहा। व्यापारियों का आरोप है कि उन्हें कार्रवाई के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया और निगम की टीम बिना पूर्व सूचना के जेसीबी लेकर तोडफ़ोड़ करने पहुंच गई। व्यापारियों के मुताबिक, मंगलवार शाम को ही यहां मार्किंग की गई थी और अगले दिन सुबह कार्रवाई शुरू कर दी गई। मामले में झोन कार्यपालन यंत्री राजकुमार राठौर ने बताया कि नियमानुसार सभी कार्रवाई की जा रही हैं। मंदिर से चौराहा तक का यह मार्ग स्मार्ट सिटी विकसित करेगा। वर्तमान में यह मार्ग 40 फीट का है और 80 फीट किया जाना प्रस्तावित है।करीब 200 मीटर का यह मार्ग चौराहा तक है। आगे यह मार्ग नीलकंठद्वार से चौराहा तक वर्तमान 14 मीटर मार्ग को 24 मीटर किया जाना प्रस्तावित हैं जहां मार्किंग की जा चुकी है। यही मार्ग चौराहा से कमरी मार्ग तक 20 मीटर किया जाना प्रस्तावित है जो कि अभी करीब 7 मीटर है। इस पूरे मार्ग में मंदिर से चौराहा और उसके उपरांत गुदरी होते हुए कमरीमार्ग तक सवारी मार्ग है।