सारंगपुर।देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी राजगढ़ ने राष्ट्रपति के नाम संयुक्त कलेक्टर रोहित बम्हौरे को ज्ञापन सौंपा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से यह ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय लोकतंत्र की नींव निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रणाली पर टिकी है, जिसकी जिम्मेदारी संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत निर्वाचन आयोग की है। हालांकि, वर्तमान में मतदाता सूची, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी आंकड़ों की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उच्चस्तरीय जांचकी मांग-कांग्रेस ने मांग करते हुए कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यप्रणाली और आयोग से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। अनियमितता साबित होने पर विधि अनुसार कार्रवाई हो और यदि पद से हटाने योग्य आधार बनता है, तो अनुच्छेद 324(5) के तहत प्रक्रिया शुरू की जाए। आयोग की संवैधानिक जवाबदेही तय करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।प्रियव्रत सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए इन सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से होना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी निष्पक्ष चुनाव प्रणाली और संविधान की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।