इंदौर। आजाद नगर में रविवार रात चाकूबाजी में घायल हुए एक युवक की सोमवार रात अरविंदो अस्पताल में मौत हो गई। बताया जाता है कि एक्टिवा और बाइक की टक्कर के बाद आरोपियों ने उसे पैर में चाकू मार दिया था। आरोपी बचने के लिए थाने में खुद झूठी कहानी बनाकर पहुंचे थे। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठा।टीआई लोकेश भदौरिया के मुताबिक, चाकूबाजी में घायल शिवांश उर्फ शिवा, पुत्र संजय बनोडिया की सोमवार रात मौत हो गई। शिवांश को रविवार सुमित, पुत्र राजेश राठौर; सिमोन, पुत्र अमित मसीह और दीपक, पुत्र राजेश मीणा ने चाकू मारे थे। इस चाकूबाजी में शिवांश के दोस्त अमित और लक्की भी घायल हुए थे।जानकारी के मुताबिक, शिवांश अपनी एक्टिवा से जा रहा था। इस दौरान बाइक सवार दीपक से उसकी टक्कर हो गई थी। तब शिवांश ने अपने साथियों को बुलाया। मौके पर दीपक के साथ सुमित और अमित भी पहुंच गए। तब सुमित ने शिवांश के पैर में चाकू मार दिए। इस हमले में उसके दोनों दोस्त भी घायल हो गए।
घटना के बाद लक्की और अमित अपने दोस्त शिवांश को एमवाय अस्पताल ले गए। यहां ज्यादा खून बहने के चलते उसे जुपिटर अस्पताल में भर्ती किया गया। यहां से परिजन उसे अरविंदो अस्पताल लेकर चले गए, जहां रात में उसकी मौत हो गई।