उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 730 मीटर लंबे इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। मार्ग चौड़ीकरण एवं विकास कार्य पर राज्य शासन से प्राप्त करीब 9.80 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।शनिवार से क्षेत्र के कुछ नागरिकों ने स्वयं आगे बढ़कर अपने मकानों के चिह्नित हिस्सों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। नगर निगम के अनुसार प्रस्तावित चौड़ीकरण से कुल 272 भवन प्रभावित होना प्रस्तावित है। निगम की ओर से मार्ग की नपती, सड़क सीमा की मार्किंग और प्रभावित भवन स्वामियों को नियमानुसार नोटिस देने की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है।
खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा होते हुए गणेश चौक तक होगा विकास-प्रस्तावित मार्ग खजूर वाली मस्जिद से शुरू होकर अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक जाएगा। यह क्षेत्र का महत्वपूर्ण और व्यस्त संपर्क मार्ग है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण को यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की योजना का हिस्सा बताया गया है। चौड़ी सड़क से क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नागरिकों ने खुद शुरू की चिह्नित हिस्से हटाने की कार्रवाई-चौड़ीकरण की प्रक्रिया में क्षेत्र के नागरिकों की सहभागिता भी सामने आई है। शनिवार को श्री विनोद राठौड़ और श्री रविंद्र कुमार राठौर ने अपने मकानों के चिह्नित हिस्से हटाने की कार्रवाई शुरू की। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में सहयोग करना नागरिकों की जिम्मेदारी है और मार्ग चौड़ा होने से क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलेगी।नगर निगम के अनुसार नागरिकों द्वारा सहयोग किए जाने से चौड़ीकरण की कार्रवाई को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है। क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर लोगों में विकास कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद भी है।