खरगोन। जिले के डोंगरागांव में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। शराब के नशे में डूबने के बाद बिगड़ रहे हालातों से ग्रामीण त्रस्त हो गए हैं। शिकायत के बाद भी सम्बंधित थाना पुलिस से मदद नही मिलने पर परेशानहाल महिलाएं बुधवार को एसपी ऑफिस पहुंची। महिलाओं ने सौंपे शिकायती आवेदन में शराब बिक्री पर तत्काल और प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। महिलाओं के अनुसार गांव में करीब 7.8 दुकानों से देशी, विदेशी शराब और अवैध कच्ची शराब का विक्रय खुलेआम किया जा रहा है, जिससे गांव का माहौल दूषित हो रहा है। युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत और स्थानीय पुलिस को इस संबंध में कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री से कई सामाजिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिनमें झगड़े- फसाद और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं शामिल हैं। कुछ जागरूक ग्रामीण इस अवैध बिक्री को रोकने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। बावजूद, शराब विक्रेताओं द्वारा इसे बंद नहीं किया जा रहा है और वे धड़ल्ले से अपना कारोबार चला रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के चलते यह अवैध धंधा फल.फूल रहा है। ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस ओर शीघ्र ध्यान नहीं दिया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।