उज्जैन। सावन-भादौ माह की शाही सवारी सोमवार को महाकाल मंदिर से शाम 4 बजे निकाली जायेगी। देशभर से श्रद्धालु शाही सवारी में शामिल होगें। सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर पुलिस की जमीन से लेकर आसमान तक नजरे होगी। ढाई हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारियां शुरू कर दी गई है।
12 ज्योर्तिलिंगों में विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में सावन-भादौ माह धूमधाम के साथ मनाया जाता है। प्रति सोमवार बाबा महाकाल भक्तों को दर्शन देने के लिये नगर भ्रमण करते है। सावन-भादौ माह के इस वर्ष का अंतिम सोमवार 7 सितंबर को आ रहा है। इस दिन बाबा महाकाल की शाही सवारी निकाली जायेगी। महाकाल मंदिर से शाम 4 बजे निकलने वाली शाही सवारी का मार्ग 7 किलोमीटर लम्बा होगा। सवारी में सुरक्षा-व्यवस्था की कमान एक बार फिर पुलिस प्रशासन पर होगी। जिसको लेकर शनिवार से तैयारियां शुरू कर दी गई है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि शाही सवारी में जमीन से लेकर आसमान तक नजरे रखी जायेगी। जिले के साथ संभाग का पुलिस बल ड्युटी के लिये तैनात किया जायेगा। करीब ढाई हजार पुलिसकर्मी मंदिर क्षेत्र से लेकर सवारी मार्ग पर रहेगें। क्षिप्रा नदी के रामघाट पर होने वाले पूजन को लेकर भी विशेष सुरक्षा इंतजाम किये जा रहे है। शाही सवारी में 7 से 8 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया जा रहा है। जिसे चलते सवारी मार्ग को अलग-अलग जोन में बांटा गया है। जहां सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी। देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिये पार्किंग स्थल चिन्हित किये गये है। सोमवार सुबह से मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की अवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया जायेगा।
आज से संदिग्धों की धरपकड़ का अभियान
सोमवार को निकलने वाली बाबा महाकाल की राजसी सवारी में शामिल होने के लिये रविवार से श्रद्धालुओं का धार्मिक नगरी में पहुंचना शुरू हो जायेगा। श्रद्धालुओं के साथ वारदात ना हो इसको लेकर आज से संदिग्धों की धरपकड़ का अभियान शुरू कर दिया जायेगा। क्राइम, सायबर टीम के साथ पुलिस की टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड, महाकाल मंदिर के आसपास नजरें रखेगी। शंका होने पर संबंधित को हिरासत में लिया जायेगा। सवारी मार्ग पर पुलिस का धरपकड़ अभियान जारी रखा जायेगा।
0000000000
जमीन से लेकर आसमान तक होगी शाही सवारी में नजर -ढाई हजार से अधिक पुलिसकर्मी संभालेगें व्यवस्था, तैयारियां शुरू