उज्जैन। नागपंचमी का पर्व और सावन माह की तीसरी सवारी से एक दिन पहले बाबा महाकाल की नगरी में आस्था का कुंभ दिखाई दे रहा है। लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं की सुरक्षा-व्यवस्था के लिये 24 सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती 36 घंटे के लिये रविवार शाम से कर दी गई है।
12 ज्योर्तिलिंगों में विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल की नगरी में आज नागपंचमी का पर्व होने के साथ सावन माह के तीसरे सोमवार पर निकलने वाली महाकाल की तीसरी सवारी का संयोग एक साथ बना है। महाकाल मंदिर के शिखर पर वर्ष में एक बार खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिये लाखों की संख्या में एक दिन पहले ही श्रद्धालु पहुंच गये है। धार्मिक नगरी में हर बड़े आयोजन पर सुरक्षा-व्यवस्था का सबसे बड़ा जिम्मा पुलिस पर होता है। सोमवार को आस्था के 2 बड़े संयोग एक साथ होने पर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर है। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि नागपंचमी और तीसरी सवारी में सुरक्षा व्यवस्था के लिये रविवार शाम से 36 घंटे के लिये 24 सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती महाकाल मंदिर, नागचंद्रेश्वर मंदिर, सवारी मार्ग के साथ मंदिर के आसपास क्षेत्रों में कर दी गई है। मंदिर क्षेत्र में एकत्रित सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश देकर ड्युटी पाइंट पर रवाना कर दिया गया है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की अव्यवस्था का सामना ना करना पड़े इसको लेकर 200 कैमरों से नजर रखी जा रहा है। जिसका कंट्रोलरूम मंदिर परिसर में बनाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए की गई व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया गया। इस दौरान मेडिकल सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था, आवागमन, भीड़ प्रबंधन के साथ सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया जा चुका है। एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार भगवान नागचंद्रेश्वर के 8 से 10 लाख श्रद्धालु दर्शन करेगें, इतने ही संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचेगें। वहीं सवारी मार्ग पर 5 से 6 लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी होगी। उन्होने माना यह पुलिस के लिये चुनौती भरा काम होगा, लेकिन उज्जैन पुलिस की जिम्मेदारी आस्था आपकी और सुरक्षा हमारी रहेगी। उन्होने श्रद्धालुओं से अपील करते हुये कहा कि दर्शन व्यवस्था के लिये की गई व्यवस्था, साइन बोर्ड और बेरिकेटिंग का पालन करें। सभी पर कैमरों के माध्यम से नजर रहेगी। व्यवस्था का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।
नागपंचमी: 36 घंटे तैनात रहेगें 24 सौ पुलिसकर्मी