उज्जैन/रतलाम। थाना बिलपांक क्षेत्र के अंतर्गत बड़नगर से लौट रहे सराफा व्यापारी से हुई करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के जेवरातों की डकैती का रतलाम पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया शत-प्रतिशत मशरूका—जिसमें 4.167 किग्रा सोना और 4.047 किग्रा चांदी (कुल कीमत लगभग रू.5.5 करोड़)—बरामद कर लिया है।
घटना का पर्दाफाश करते हुए उज्जैन आईजी राकेश गुप्ता ने बताया कि 13 अगस्त की रात करीब 9:15 बजे रतलाम निवासी सराफा व्यापारी अर्पित चोरड़िया बड़नगर से बस द्वारा रतलाम लौट रहे थे। इसी दौरान हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा के पास बस में सवार बदमाशों ने व्यापारी से मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया था और फरार हो गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बिलपांक में धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी राकेश गुप्ता, डीआईजी निमिष अग्रवाल और एसपी अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच टीम ने घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक के 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलेंस का सहारा लिया। सटीक डिजिटल इनपुट के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में छिपे हुए हैं। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों से सोने के आभूषण: 238 नग (वजन 4.167 किग्रा), कीमत लगभग 5.32 करोड़।
चांदी के आभूषण: 183 नग (वजन 4.047 किग्रा), कीमत लगभग 9 लाख बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल गुर्जर 24 वर्ष, अभिजीत उर्फ अभय गुर्जर 22वर्ष, निवासी ग्राम ऊनी, रतलाम, यशवंत गुर्जर 28 वर्ष, निवासी बालागंज, मंदसौर,राहुल उर्फ वीर गुर्जर 25 वर्ष, निवासी दिलीपनगर, रतलाम, रवि उर्फ बबला गुर्जर 27 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनिया, रतलाम,मोहम्मद उमर उर्फ पप्पू 42 वर्ष, निवासी आनंद कॉलोनी, रतलाम इनके साथ ही दो आरोपी रोहित नायक निवासी रतलाम एवं गौरव गुर्जर निवासी इंदौर फरार हैं जिनकी पुलिस टीम तलाश कर रही है।
आईजी राकेश गुप्ता ने बताया कि आरोपियों ने पूर्व में भी व्यापारी को लूटने की असफल योजना बनाई थी। मामले का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम को DGP स्तर से पुरस्कृत कराने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भी सफलता पर रतलाम पुलिस टीम की सराहना की है। फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया जा रहा है।