मंगलनाथ रोड पर सांदीपनि आश्रम के सामने सड़क पर बेतरतीब पार्किंग, रोज लग रहा जाम ई-रिक्शा, ऑटो और मैजिक सहित अन्य वाहन बीच सड़क पर खड़े रहने से श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को यहां से निकलने में हो रही परेशानी

उज्जैन। महाकाल मंदिर के अलावा शहर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। इन दिनों मंगलनाथ रोड स्थित सांदीपनि आश्रम के सामने सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किए जाने के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। सड़क किनारे ही नहीं, बल्कि कई बार बीच सड़क पर भी ई-रिक्शा, ऑटो, मैजिक और अन्य वाहन खड़े रहने से आवागमन बाधित हो रहा है।
मंगलनाथ रोड शहर का प्रमुख धार्मिक मार्ग है। इसी मार्ग पर मंगलनाथ मंदिर, सांदीपनि आश्रम, सिद्धवट और अंगारेश्वर महादेव मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ बाहर से आने वाले दर्शनार्थी भी पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग और सार्वजनिक परिवहन वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित हो रहा है।
पार्किंग व्यवस्था के अभाव से बढ़ रही समस्या
सांदीपनि आश्रम के सामने वाहनों के लिए कोई व्यवस्थित पार्किंग नहीं होने के कारण लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। इसके अलावा ई-रिक्शा, ऑटो और मैजिक भी सवारियों के इंतजार में सड़क घेरकर खड़े रहते हैं। इससे अन्य वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती और कई बार लंबा जाम लग जाता है।
यातायात प्रबंधन की जरूरत
सांदीपनि आश्रम के बाहर नियमित यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था के अभाव के कारण स्थिति लगातार बिगड़ रही है। यदि यहां निर्धारित पार्किंग स्थल विकसित किया जाए और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, तो यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है।
श्रद्धालुओं को उठानी पड़ रही परेशानी
मंगलनाथ मार्ग पर पूरे दिन वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सांदीपनि आश्रम के सामने जाम और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण वाहन निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। नागरिकों का मानना है कि इस मार्ग पर सुचारु यातायात बनाए रखने के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment